logo

शादी के दिन ही दूल्हा हुआ लापता, 2 दिन बाद जंगल में मिली पेड़ से झूलती लाश

GRD222.jpg

गिरिडीह
जहां घर में शहनाई बजनी थी, वहां जनाज़ा उठ गया। गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के पंदनाटांड़ गांव में शादी के दिन एक युवक के लापता होने और फिर दो दिन बाद उसकी लाश जंगल में मिलने से गांव में मातम पसरा है। मृतक की पहचान विजय मरांडी के रूप में हुई है, जो गोला मरांडी का पुत्र था। जानकारी के अनुसार रविवार को विजय की बारात खेतो गांव (लोकाय थाना क्षेत्र) जानी थी। लेकिन उसी सुबह वह घर से यह कहकर निकला कि वह कुछ ज़रूरी काम से जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे काफी तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।


दो दिन बाद गांव से लगभग तीन किलोमीटर दूर रोहनटांड़ जंगल में एक पेड़ से युवक की लाश लटकी मिली। शव को देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर तिसरी थाना के एसआई नंदजी राय, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बर्णवाल, मुखिया किशोरी साव और पूर्व मुखिया प्रतिनिधि इब्राहिम अंसारी पहुंचे। शव पेड़ की टूटी टहनी से एक साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ था और कई हिस्से सड़-गल चुके थे।
विजय की मां मंझली सोरेन ने बताया कि विजय अपनी पसंद की लड़की से शादी कर रहा था और दोनों परिवार शादी के लिए सहमत थे। लेकिन शादी और बारात के खर्च को लेकर विजय और उसके पिता के बीच विवाद हुआ था।

उन्होंने कहा कि घर की आर्थिक स्थिति खराब थी — न तो घर में राशन था और न ही बारात ले जाने के लिए गाड़ियों की व्यवस्था हो पा रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई और विजय घर से निकल गया। परिजन और पुलिस को आशंका है कि विजय ने आहत होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा है और मामले की जांच जारी है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest