रांची
आज रांची में इंडियन बिल्डिंग्स कांग्रेस (IBC) की कार्यकारिणी परिषद की 204वीं बैठक का भव्य आयोजन किया गया। IBC झारखंड राज्य केंद्र और भवन निर्माण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि ओ.पी. गोयल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस उच्च स्तरीय बैठक के तकनीकी सत्र में देश के जाने-माने विशेषज्ञों ने हरित एवं सतत निर्माण को वक्त की जरूरत बताते हुए पर्यावरण अनुकूल भवनों, जल प्रबंधन और स्मार्ट तकनीकों के जरिए ऊर्जा बचत पर विशेष जोर दिया।
हरित निर्माण, जल संरक्षण और स्मार्ट तकनीक पर विशेष सत्र
तकनीकी सत्र में हरित एवं सतत निर्माण पर महत्वपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं। इंजीनियर रंजीत सिंह ने हरित भवनों को संसाधन दक्ष, पर्यावरण अनुकूल तथा उनके पूरे जीवन-चक्र पर आधारित बनाने पर बल दिया। श्री मनोरंजन मिश्रा ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए बताया कि ब्लू, ग्रीन, ग्रे एवं ब्लैक वाटर के वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाकर जल की उल्लेखनीय बचत संभव है। कर्नल (डॉ.) आनंद माथियालगन ने IoT और AI आधारित स्मार्ट बिल्डिंग सिस्टम तथा सौर ऊर्जा के उपयोग से 20 से 30 प्रतिशत ऊर्जा बचत की संभावनाएं बताईं।
रियल एस्टेट का भविष्य
डॉ. देबारती चक्रवर्ती ने रेजेनरेटिव भवनों की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए भविष्य के लिए पर्यावरण के प्रति संवेदनशील निर्माण की आवश्यकता बताई। श्री कनिष्क प्रसाद ने रियल एस्टेट में पर्यावरणीय कारकों को व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जल प्रबंधन, ऊर्जा दक्षता एवं ग्रीन सर्टिफिकेशन (हरित प्रमाणन) से परियोजनाओं का मूल्य व निवेश आकर्षण बढ़ता है। इस बैठक में हरित भवन मानकों को बढ़ावा देने एवं झारखंड में सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।