द फॉलोअप डेस्क, रांची
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों ने स्वतंत्रता दिवस, 15 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला किया है। इस यात्रा में झारखंड के सभी 24 जिलों से छात्रों के शामिल होने की संभावना है। इसे लेकर छात्रों से 14 अगस्त की शाम से ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचने की अपील की गई है।
तिरंगा यात्रा का आह्वान रिफॉर्म मंच की ओर से किया गया है। मंच ने विभिन्न छात्र संगठनों से एकजुट होकर यात्रा को सफल बनाने की अपील की है। छात्रों का कहना है कि तिरंगा यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से निकाली जाएगी। इस दौरान वे अपनी प्रमुख मांगों को एक बार फिर सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।

JSSC CGL और JPSC परीक्षा रद्द को लेकर आंदोलन जारी
गौरतलब है कि आंदोलनरत छात्र JSSC CGL और JPSC की 11वीं से 13वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता और धांधली हुई है। इसी को लेकर वे पूरे मामले की CBI जांच की भी मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि सरकार ने अब तक उनकी सभी प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं जताई है।
हालांकि, कुछ मांगों पर सरकार की ओर से सहमति जरूर बनी है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर निकाली जा रही तिरंगा यात्रा को छात्रों के आंदोलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि छात्रों की इस तिरंगा यात्रा को सरकार किस रूप में लेती है और आंदोलन को लेकर सरकार का अगला कदम क्या होता है। छात्रों ने स्पष्ट किया है कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा और वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाएंगे।