logo

गणतंत्र दिवस पर जामताड़ा में घटवाल आदिवासी महासभा की रैली, सरकार को दी चेतावनी

ह्र्फद्फ़.jpg

द फॉलोअप डेस्क
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जामताड़ा में घटवाल आदिवासी महासभा द्वारा अपने अधिकारों को लेकर एक विशाल महा रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष दुबराज राय ने किया। हजारों की संख्या में समाज के महिला-पुरुषों ने दुमका रोड स्थित पटोलिया धर्मशाला से रैली की शुरुआत की, जो इंदिरा चौक बाजार, सुभाष चौक कोर्ट मोड़ होते हुए पुणे धर्मशाला पहुंची, जहां यह रैली एक विशाल सभा में तब्दील हो गई। 
सरकार पर गंभीर आरोप
सभा को संबोधित करते हुए समाज के लोगों ने सरकार पर घटवाल समाज के साथ शोषण और भेदभाव करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि घटवाल समाज को अब तक आदिवासी का अधिकार नहीं दिया गया है, जामताड़ा जिले में समाज के लोगों का जाति प्रमाण पत्र नहीं बन रहा है। इसके कारण समाज के बच्चों को शिक्षा और सरकारी योजनाओं से वंचित होना पड़ रहा है। 
जिला अध्यक्ष दुबराज राय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा "आज की रैली सरकार के लिए चेतावनी है। जामताड़ा जिले में हमारे समाज के लोगों का जाति प्रमाण पत्र नहीं बन रहा है, जिससे हमारे बच्चे पढ़ाई से लेकर सरकार की मूलभूत सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं। अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो हम आने वाले दिनों में रेल से लेकर सड़क तक जाम करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।"
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
महासभा के नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि अगर जल्द ही घटवाल समाज की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर प्रमुख रूप से महावीर राय, प्रथम राय, जागेश्वर राय सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update republic day news republic day khabar jamtara news jamtara khabar