द फॉलोअप डेस्क
गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य पथ पर फतेहपुर के सांगाजोरी के पास एक अनियंत्रित एलपी ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फतेहपुर निवासी मोहन प्रसाद साह के रूप में हुई है। उनका पैतृक घर झारखंड के देवघर जिले के पालोजोरी प्रखंड अंतर्गत ठेंगाडीह में भी है। वह फतेहपुर में पेंटर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी और पांच छोटे बच्चे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुमका की ओर से आ रहा ट्रक सांगाजोरी के पास तेज गति में था। वाहन ने पहले एक बिजली पोल को टक्कर मारकर गिरा दिया, फिर सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया और तिपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े मोहन प्रसाद साह बाइक समेत ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक उन्हें काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर सहायता नहीं पहुंच सकी। बाद में फतेहपुर थाना के वाहन से उन्हें सीएचसी फतेहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में अंगूठियां के तपन पंडित की बाइक, सांगाजोरी के अजय मंडल की पोल्ट्री दुकान समेत कई दुकानों और वाहनों को भी क्षति पहुंची। एक टोटो वाहन भी टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ टोटो चालकों ने वाहन से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और आक्रोश का माहौल बन गया। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ मनोज कुमार महतो, फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय, बिंदापाथर थाना प्रभारी विकास यादव और प्रभारी अंचल अधिकारी प्रेम कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

हादसे के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोविंदपुर–साहिबगंज मुख्य हाइवे को करीब साढ़े चार घंटे तक जाम रखा। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर उचित मुआवजे की मांग की। बाद में एसडीपीओ मनोज कुमार महतो और प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ।