logo

सरकार अपने खिलाफ आंदोलन करने वालों के साथ आतंकवादियों-देशद्रोहियों जैसा करती है व्यवहार- दीपक प्रकाश

सरकार अपने खिलाफ आंदोलन करने वालों के साथ आतंकवादियों-देशद्रोहियों जैसा करती है व्यवहार- दीपक प्रकाश

द फॉलोअप डेस्क
हेमंत सोरेन की सरकार अपने खिलाफ आंदोलन करने वालों के साथ आतंकवादियों व देशद्रोहियों जैसा व्यवहार करती है। अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए यह सरकार अत्याचारी बन गई है। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कही। उन्होंने कहा कि विगत 11 अप्रैल को प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित सचिवालय घेराव कार्यक्रम ने हेमंत सरकार की दमनकारी सोच को पूरी तरह उजागर कर दिया है। सरकार अत्याचारी बन गई है इसलिए लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे नेताओं पर यह सरकार संगीन अपराध की धाराएं लगाती है। आनन-फानन में नोटिस भेज कर पूछताछ के लिए थाना बुलाती है। उन्होंने कहा कि उनके साथ भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल व सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक 22 अप्रैल को धुर्वा थाना में पूछताछ के लिए हाजिर होंगे। सारे सवालों का संवैधानिक रूप से जवाब भी देंगे।  राज्य की जनता यह समझ रही है की जनता की समस्याओं पर आवाज उठाने वालों के खिलाफ हेमंत सरकार कैसा अलोकतांत्रिक व्यवहार कर रही।

भाजपा झारखंड को लूटते-बर्बाद होते नहीं देख सकती
दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा ने जनभावनाओं के अनुरूप सदन से सड़क तक राज्य सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार, ठगबंधन की वादा खिलाफी को उजागर करने केलिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने कोई पद और शासन का दुरुपयोग करते हुए अपने नाम खान खनिज का आवंटन नहीं कराया। किसी आदिवासी की जमीन नही हड़पी। कोई पत्थर, बालू की लूट नहीं की, शराब के घोटाले नहीं किए, दलितों की जमीन नही लुटवाई, महिलाओं, किसानों, युवाओं, पिछड़ों को प्रताड़ित नही किया है फिर डर कैसा? दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा ने तो घोषणा करके डंके की चोट पर लूट भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण के खिलाफ आवाज बुलंद की। जो एक सशक्त और जागरूक प्रतिपक्ष के नाते पार्टी का धर्म है। भाजपा झारखंड को लूटते-बर्बाद होते नही देख सकती। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रक्रियाओं के तहत सभी भाजपा नेता पूछताछ का जवाब देंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT