logo

राजकीय श्रावणी मेले में वीआईपी-वीवीआईपी दर्शन पर रहेगी रोक, 3 जुलाई को होगा उद्घाटन

01130.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देवघर में राजकीय श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर वीआईपी वीवीआईपी दर्शन पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी। ताकि, श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह बातें डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को कही। राजकीय श्रावणी मेले की तैयारियों के संबंध में उन्होंने समीक्षा बैठक की समाहरणालय सभागार में डीसी ने विभागवार मेला क्षेत्र में किये जाने वाले विभिन्न कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। साथ ही संबंधित विभागों के आवंटन स्वीकृति से जुड़े कार्यों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

दो चरणें में होगा मेला का आयोजन
राजकीय श्रावणी मेला 3 जुलाई को उद्घाटन होगाइसके बाद चार जुलाई से 17 जुलाई तक पहले चरण का मेला होगा। 18 जुलाई से 16 अगस्त तक मलमास के बाद पुनः 17 अगस्त से 31 अगस्त तक दूसरे चरण का श्रावणी मेला की तिथि निर्धारित है। ऐसे में संपूर्ण मेला क्षेत्र में की जाने वाली तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष रूप से इंतजाम करने की आवश्यकता है ताकि, बाहर से आने देवतुल्य श्रद्धालु सुलभ व सुरक्षित जलार्पण के साथ एक अच्छी अनुभूति प्राप्त कर अपने गंतव्य की ओर रवाना हों।

मिलावट करने वालों पर रहेगी विशेष नजर
मेले के दौरान पेड़ा बनाने के लिए खोवा के साथ अन्य खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रहेगी। मिलावट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को डीसी ने दिया। वहीं, बाहर से देवघर आने वाले खोवा पर निगरानी के लिए रेलवे के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश भी डीसी ने दिया।

सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा मेला
डीसी ने 21 ओपी क्षेत्र का भ्रमण कर वहां मेला के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं यथा पंडाल, पथ निर्माण, पथ प्रकाश, कांवरियों के लिए पेयजल, शौचालय, वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था आदि की अद्यतन स्थिति की जांच करने पश्चात की जाने वाली तैयारियां पर डीसी ने चर्चा की। उन्होंने मेले के दौरान विधि व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं अपराध नियंत्रण के साथ यातायात की सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संपूर्ण मेला क्षेत्र को सीसीटीवी से कनेक्टेड करने की बात कही, ताकि सभी ओपी की गतिविधियों एक दूसरे से जुड़ी रहे। बैठक में एसपी सुभाष चंद्र जाट, डीएफओ राजकुमार साह, डीडीसी डॉ कुमार ताराचन्द, नगर आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल, अपर समाहर्त्ता, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत जिलास्तरीय सभी विभागों के अधिकारी व कार्यपालक अभियंता मौजूद थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/IgMHnUDDYLBDxlPX7oOXWz