रांची
आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य सरकार से कंप्यूटर शिक्षकों को स्थायी करने की मांग की है। मामले में झारखंड आईसीटी स्कूल कोऑर्डिनेटर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में शहीद चौक से राजभवन तक पैदल मार्च किया गया। मार्च में झारखंड के सरकारी स्कूलों में कम्प्यूटर शिक्षक के रुप में कार्यरत सैकड़ों कर्मी शामिल हुए। मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने बताया कि वर्ष 2017 से ही झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से ऑउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कक्षा छह से बारहवीं तक कंप्यूटर शिक्षकों को 8000 रुपये प्रति माह के दर से नियुक्त किया गया था। उनका आज तक एक पैसा भी नहीं बढ़ाया गया जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

पैदल मार्च के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि राज्य के सभी कंप्यूटर शिक्षकों की ठेका व्यवस्था को समाप्त कर उनका समायोजन करते हुए 60 वर्ष तक कार्य विस्तार दिया जाए। सम्मानजनक मानदेय देते हुए महिलाओं को विशेष अवकाश तथा मातृत्व अवकाश दिया जाए तथा राज्य में होनेवाले टीजीटी और पीजीटी एग्जाम में 50 प्रतिशत कंप्यूटर शिक्षकों को आरक्षण दिया जाए। देवेंद्र ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है तो गुरूवार को झारखंड शिक्षा परियोजना के रांची कार्यालय का घेराव किया जायेगा। मौके एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार, संरक्षक रविन्द्र सोनार, संगठन मंत्री राकेश विश्वास, प्रवक्ता पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष छोटेलाल पासवान ने बताया कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
