logo

सरकार दीदियों के उत्पाद को पलाश ब्रांड के माध्यम से बाजार उपलब्ध करा रही है- CM हेमंत

CM_SARAS.jpeg

रांची 
रांची के मोरहाबादी मैदान, रांची में राष्ट्रीय खादी एवं सरस महोत्सव 2023-24 का उद्घाटन करते हुए CM हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) ने कहा कि झारखंड सरकार दीदियों के उत्पाद को पलाश ब्रांड (Palash brand) के माध्यम से बाजार उपलब्ध करा रही है। इससे लाखों की संख्या में महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। कहा, सरकार ग्रामीण और देसी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हमारे राज्य में सखी मंडलों से जुड़कर लाखों दीदियां तरह-तरह के उत्पाद बना रही हैं। इन उत्पादों में किसी भी प्रकार के केमिकल का इस्तेमाल नहीं होता है। ये स्वदेशी उत्पाद हैं। CM ने आगे कहा कि खादी सिर्फ एक पहनावा मात्र नहीं है। यह हमारी सभ्यता, संस्कृति, परंपरा और स्वदेशी होने का परिचायक है। हम सभी को खादी से जुड़ने की जरूरत है। ताकि हम अपनी पारंपरिक ग्रामीण और स्वदेशी व्यवस्था को और मजबूत करते हुए आगे ले जा सकें।

परंपरा, संस्कृति और सभ्यता के साथ आगे बढ़ रहे

CM हेमंत ने कहा कि मु आज भौतिकवादी युग और तकनीक का जमाना है। मशीनों के साथ हम जी रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी अपनी परंपरा, संस्कृति और सभ्यता को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। खादी एवं सरस महोत्सव का आयोजन इसी कड़ी का एक हिस्सा है। इसके जरिए हम अपनी ग्रामीण-देसी पारंपरिक और पूर्वजों की व्यवस्था को संजोये हुए हैं। आज की पीढ़ी को उससे अवगत करा रहे हैं। कहा कि जमाना चाहे जितना आगे बढ़ जाए,  लेकिन हमारे देश और राज्य में आज भी ग्रामीण तथा स्वदेशी व्यवस्था की अहमियत बरकरार है। खादी जैसा ग्राम उद्योग इसी का एक उदाहरण है। 


मौके पर ये लोग थे मौजूद 

CM ने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान की जरूरत हमारे पूर्वजों को भी थी। हमें भी है और आने वाली पीढ़ी को भी रहेगी। इसके बिना हमारी जिंदगी आगे नहीं बढ़ सकती है। ऐसे में हर व्यक्ति तक इसे सुनिश्चित करने के लिए सरकार काम कर रही है। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, CM की प्रधान सचिव वंदना दादेल, विनय कुमार चौबे, उद्योग विभाग के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह और ग्रामीण विकास विभाग के सचिव चंद्रशेखर समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।