logo

गोमिया में ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय हेमंत कुमार की मौत

गोमिया में ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय हेमंत कुमार की मौत

द फॉलोअप डेस्क:

बोकारो (Bokaro) जिले के गोमिया (Gomia) थाना क्षेत्र अंतर्गत सियारी पंचायत (Siyari Panchayat) के ओचो गांव (Ocho Village) के समीप शनिवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय हेमंत कुमार (Hemant Kumar) की मौत हो गई। घटना आउटर रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 51/14 के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान पलारी गुरुडीह पंचायत के बाबू गली निवासी हेमंत कुमार, पिता स्वर्गीय फलजीत राम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां हेमंत कुमार का शव रेलवे ट्रैक पर मिला।

ट्रैक पार करने के दौरान हादसे की आशंका

मृतक की पत्नी सोनी देवी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे उनके बेटे विनीत कुमार ने हेमंत कुमार के मोबाइल पर फोन किया था। फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया और बताया कि मोबाइल के मालिक की रेलवे ट्रैक पर मौत हो गई है। परिजनों के मुताबिक, हेमंत कुमार प्रतिदिन की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान शौच के लिए रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, तेनुघाट भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रेल हादसे का प्रतीत होता है। परिजनों के आवेदन के आधार पर यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। हेमंत कुमार की मौत से परिवार में मातम पसरा है। वह अपने पीछे पत्नी सोनी देवी, बेटे विनीत कुमार और एक बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Gomia Train Accident Hemant Kumar Death Bokaro Train Accident News