logo

जमशेदपुर में रंगदारी के लिए फायरिंग, SSP की क्राइम मीटिंग के बाद बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

jam.png

जमशेदपुर 

जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शनिवार को एक ओर SSP ने जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर गोलमुरी के टिनप्लेट सब्जी बाजार में अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। घटना शनिवार शाम की है। बदमाशों ने गोलमुरी सब्जी बाजार में एक दुकानदार को निशाना बनाते हुए रंगदारी के लिए हवाई फायरिंग की। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन गोलियों की आवाज से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गयी। दुकानदारों के साथ खरीदारी करने पहुंचे लोगों में भी दहशत फैल गयी।

घटनास्थल से खोखा मिलने की पुष्टि नहीं

इधर, सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, घटनास्थल से खोखा मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित दुकानदार मोथु राम ने आरोप लगाया कि उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी थी। उनका आरोप है कि बाजार के पास स्थित खालसा बस्ती का रहने वाला करण रंगदारी की मांग कर रहा है। दुकानदार के मुताबिक, शुक्रवार शाम भी करण ने फोन कर एक लाख रुपये की मांग की थी।

जान से मारने की धमकी

जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तब फिर धमकी भरा फोन आया। करण के एक साथी ने फोन पर उनकी बात करायी और रंगदारी नहीं देने पर उन्हें और उनके भाई को जान से मारने की धमकी दी। गोलमुरी पुलिस ने हवाई फायरिंग की घटना की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखा जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Tags - Aerial Firing Extortion Demand Law and Order Jamshedpur Police