द फॉलोअप, रांची
झारखंड की राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में 9 जुलाई 2026 को हुई करोड़ों की चोरी के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी समीर खान उर्फ कबीर खान को गिरफ्तार कर पूरे मामले का अहम खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सोने का व्यवसायी है। उसकी निशानदेही पर मुजफ्फरपुर स्थित उसके ससुराल में छापेमारी की गई, जहां से करीब 400 ग्राम सोने और मोती के आभूषण बरामद हुए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई जा रही है। मालूम हो कि अशोकनगर के दो बिल्डरों अखिलेश पांडेय और निशित केसरी के घर से हाई प्रोफाइल चोरी हुई थी।

रांची पुलिस का कहना है कि इस चोरी कांड में अब तक 1 करोड़ से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। जांच के दौरान मिले तकनीकी इनपुट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर खान उर्फ कबीर खान, पिता स्व. अब्दुल्लाह खान, निवासी शुक्ला रोड, रमना, नगर थाना, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व रांची पुलिस की SIT ने किया। टीम में एएसपी कोतवाली निखिल राय, हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार, अरगोड़ा, डेली मार्केट, नामकुम सहित कई थाना और ओपी के पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है। चोरी के गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारियां की जाएंगी।
