अजित जायसवाल/गोड्डा
गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के केडोबाजार स्थित सारे टोला में संचालित सनलाइफ हेल्थ केयर में ऑपरेशन के दौरान एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय से बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने केडोबाजार मुख्य सड़क को जाम कर दिया और स्वास्थ्य केंद्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण महिला की जान चली गई।

फर्जी तरीके से संचालन के आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सनलाइफ हेल्थ केयर फर्जी तरीके से संचालित किया जा रहा था। यहां न तो पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध थीं और न ही योग्य डॉक्टर मौजूद थे। बिना आवश्यक मानकों का पालन किए ऑपरेशन किए जाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

पुलिस मौके पर, स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरपहाड़ी थाना और राजाभीठा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने के साथ जाम हटाने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार, सनलाइफ हेल्थ केयर का संचालन नसीम नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है, जो ठेकेदारी कार्य से भी जुड़ा बताया जा रहा है। अस्पताल के लाइसेंस और वैधता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और प्रशासन ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
