द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले में पुलिस ने अवैध नकली पेट्रोल के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो टैंकरों से बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर की देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि गोड्डा रजिस्ट्रेशन नंबर वाले दो सफेद रंग के टैंकर एक टूक टैंकर और दूसरा मैजिक टैंकर में अवैध ज्वलनशील पदार्थ भरकर बांका से सरकंडा, गोड्डा होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए रात्रि गश्ती दल को पाकुड़–गोड्डा मुख्य मार्ग पर बैरियर लगाकर चेकिंग करने का निर्देश दिया गया।
चेकिंग के दौरान सिंहवाहिनी पुल के समीप दोनों संदिग्ध टैंकर दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही चालक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। सशस्त्र बलों ने पीछा किया, लेकिन दोनों वाहन चालक और अन्य सवार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वाहनों की तलाशी में मैजिक टैंकर (रजिस्ट्रेशन नंबर JH15W-6200) और ट्रक टैंकर (रजिस्ट्रेशन नंबर JH15AA-7678) के टैंकों से पेट्रोल जैसी गंध वाला अवैध नकली ज्वलनशील पदार्थ पाया गया। पुलिस ने काफी देर तक इंतजार किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति वैध कागजात प्रस्तुत करने नहीं पहुंचा। इसके बाद दोनों टैंकरों को जब्त कर थाना लाया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह अवैध नकली पेट्रोल का निर्माण देवडांड़ थाना अंतर्गत पीपरजोरिया ग्राम के टेमो टोला में किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की। छापेमारी के दौरान नकली पेट्रोल का अवशेष लगा हुआ 10 खाली रोटोस्टार कंपनी का सफेद रंग का सेन्टेक्स टैंक (प्रत्येक की क्षमता 2000 लीटर), एक नीले रंग का ड्रम (लगभग 20 लीटर पेट्रोल जैसा पदार्थ), एक काला रंग का सोलर प्लेट (लगभग 6×3.5 फीट) तथा एक लकड़ी का चौकी (बेड) बरामद किया गया। दोनों टैंकरों में क्रमशः 6000 लीटर और 12000 लीटर पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ भरा हुआ था। ज्वलनशील पदार्थ की जांच और इसमें संलिप्त सभी अज्ञात अभियुक्तों की पहचान के लिए अनुसंधान जारी है।
