logo

गोड्डा में यूपी की नाबालिग से निकाह का मामला, 48 घंटे से शाहरूख अंसारी की तलाश में पुलिस

गोड्डा में यूपी की नाबालिग से निकाह का मामला, 48 घंटे से शाहरूख अंसारी की तलाश में पुलिस

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

गोड्डा में उत्तर प्रदेश की नाबालिग लड़की से निकाह के कथित मामले में पुलिस की जांच जारी है। नाबालिग के गोड्डा पहुंचने के बाद देवदांड़ थाना पुलिस पिछले करीब 48 घंटे से देवदांड़ बाजार निवासी शाहरूख अंसारी की तलाश कर रही है। रविवार देर शाम तक पुलिस न तो नाबालिग को बरामद कर पाई थी और न ही शाहरूख का कोई सुराग मिल सका था। बताया जा रहा है कि लड़की के माता-पिता भी उत्तर प्रदेश से गोड्डा पहुंच रहे हैं। उनके आने के बाद पुलिस के सामने मामले से जुड़ी कई बातें और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस के अनुसार, शाहरूख अंसारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र की रानीडीह पंचायत स्थित एक मदरसे में रहकर पढ़ाई करता था। इसी दौरान कथित तौर पर इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान उत्तर प्रदेश की नाबालिग से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद नाबालिग उत्तर प्रदेश से गोड्डा पहुंच गई। आरोप है कि कुछ समय तक उसे देवदांड़ बाजार स्थित शाहरूख के घर पर भी रखा गया था। मामले की सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह से पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी, लेकिन वह अब तक पकड़ में नहीं आया है।

पिता हिरासत में, प्राथमिकी अब तक दर्ज नहीं
पुलिस ने शाहरूख के पिता इस्लाम अंसारी को हिरासत में रखा है और आरोपी युवक पर पुलिस के सामने आने का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं, नाबालिग के माता-पिता को भी उत्तर प्रदेश से गोड्डा बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस नाबालिग की बरामदगी और शाहरूख अंसारी को तलाशने पर है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और अभिभावकों के गोड्डा पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। उनके बयान और आगे की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।

Tags - Godda Devdanr Minor Case Police Investigation Jharkhand News