logo

किताब-कॉपी की उम्र में चोरी! गोड्डा में टेंपो से सामान चुराते पकड़ा गया नाबालिग; 2 बच्चे भागे

किताब-कॉपी की उम्र में चोरी! गोड्डा में टेंपो से सामान चुराते पकड़ा गया नाबालिग; 2 बच्चे भागे

गोड्डा:

गोड्डा (Godda):- जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताब-कॉपी और आंखों में बेहतर भविष्य के सपने होने चाहिए, उसी उम्र में उनका चोरी जैसी घटनाओं में शामिल होना चिंता का विषय बनता जा रहा है। गोड्डा जिले के मेहरमा थाना (Mehrma Police Station) क्षेत्र के भगैया (Bhagaiya) में ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां दो-तीन नाबालिग बच्चों के कथित तौर पर रात के समय छोटे टेंपो से चार्जर समेत अन्य सामान चोरी करने की बात सामने आई है। इसी दौरान वाहन मालिक की नजर बच्चों पर पड़ गई। बताया जा रहा है कि दो बच्चे मौके से भाग निकले, जबकि एक बच्चा चोरी करते हुए पकड़ लिया गया।


वाहन मालिक ने बच्चों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
बताया जाता है कि रात के समय बच्चे टेंपो से सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान वाहन मालिक रितेश कुमार यादव की नजर उन पर पड़ गई। संदेह होने पर उन्होंने मौके पर ही एक बच्चे को पकड़ लिया और घटना की जानकारी मेहरमा पुलिस को दी। इसके बाद बच्चे को पुलिस के हवाले कर दिया गया। वाहन मालिक की ओर से थाने में आवेदन भी दिया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।


पढ़ाई और खेलकूद की उम्र में चोरी की घटना से लोग चिंतित
घटना सामने आने के बाद इलाके में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर पढ़ाई और खेलकूद की उम्र में बच्चे चोरी जैसी घटनाओं तक कैसे पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की गतिविधियों पर परिवार और समाज को अधिक निगरानी रखने की जरूरत है, ताकि कम उम्र में गलत संगत या आपराधिक गतिविधियों की ओर बढ़ते कदमों को समय रहते रोका जा सके। फिलहाल मेहरमा पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में कितने बच्चे शामिल थे तथा चोरी किए गए सामान को लेकर क्या स्थिति है।

Tags - Godda News Jharkhand Crime Minor Theft Mehrma Bhagaiya