गोड्डा:
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सिंघाईचक में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ क्षेत्र के विकास की योजनाओं पर चर्चा का अवसर भी बना। फाइनल मैच में शामिल हुईं ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने क्षेत्र में प्रस्तावित स्टेडियम, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में चल रहे कार्यों की जानकारी दी।

ठाकुरगंगटी में स्टेडियम निर्माण की तैयारी
मंत्री ने कहा कि ठाकुरगंगटी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। पहले पहाड़ के ऊपर फुटबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित होने के कारण खिलाड़ियों और दर्शकों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब बेहतर मैदान तैयार होने से खेल गतिविधियों को नया आधार मिला है। उन्होंने बताया कि पिछले महीने इसी स्थल पर स्टेडियम निर्माण की अनुशंसा की गई है। प्रयास है कि अगले वर्ष से स्टेडियम निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्य शुरू हो और यहां भविष्य में बड़े स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकें।
.jpeg)
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, खेल सुविधाओं पर जोर
मंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ अनुशासन और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मैदान, प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
.jpeg)
सिंचाई व्यवस्था में सुधार से किसानों को लाभ
क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि भौरा बराज की नहर को चालू कराया गया है। इसके अलावा नए चेक डैम सहित सिंचाई से जुड़े अन्य कार्यों को भी गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में धान की अच्छी फसल देखकर यह स्पष्ट होता है कि सिंचाई सुविधाओं का सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। बेहतर सिंचाई व्यवस्था से कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

डिग्री कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
मंत्री ने बताया कि ठाकुरगंगटी में डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य चल रहा है और जल्द ही इसका लाभ क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा। वहीं, अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की कमी दूर करने के लिए सरकार के स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। नवंबर माह में स्वास्थ्य संस्थानों में नए चिकित्सकों और कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
40 एकड़ भूमि पर औद्योगिक गतिविधियों की तैयारी
रोजगार के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना पर काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि ठाकुरगंगटी में करीब 40 एकड़ भूमि औद्योगिक गतिविधियों के लिए चिन्हित किए जाने की जानकारी मिली है। यहां प्लांट और फैक्ट्री स्थापित करने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। मंत्री के अनुसार, इससे ठाकुरगंगटी, महागामा और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने तथा पलायन कम करने में मदद मिल सकती है।
जीआई टैग से भगैया सिल्क और बुनकरों को मिलेगा बाजार
मंत्री ने भगैया के तसर, मानिकपुर और मंडरो क्षेत्र के बुनकरों द्वारा तैयार रेशम उत्पादों को जीआई टैग मिलने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय बुनकरों और कारीगरों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, उन्हें अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। पारंपरिक तसर और रेशम उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।
सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि
इस दौरान मंत्री ने पूर्व खेल मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तथा आदिवासी-मूलवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष दीपक मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य, कांग्रेस, झामुमो एवं राजद के पदाधिकारी, मानिकपुर पंचायत के मुखिया अध्यक्ष इग्नाशियश मुर्मू, मुखिया प्रफुल्ल महतो, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।