गोड्डा
महागामा थाना क्षेत्र में मोबाइल खोजने का झांसा देकर एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद अकरम सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मोबाइल खोजने के बहाने महिला से सामूहिक दुष्कर्म
जानकारी के मुताबिक, यह मामला भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र का है। महिला का मोबाइल खो गया था, जिसके बाद वह ओझा-गुणी के चक्कर में अपने रिश्तेदार के यहां महागामा थाना क्षेत्र के एक गांव आ रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात टोटो चालक मोहम्मद अकरम से हुई। अकरम ने महिला को मोबाइल ढूंढने के लिए दूसरे ओझा-गुणी से मिलवाने का प्रलोभन दिया। वह महिला को घुमाते हुए लौगांय ले गया, जहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
SIT का गठन, मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी मो. अकरम को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक टोटो और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।