द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले में 26 वर्षीय महिला और 19 वर्षीय युवक की प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद लेकर उसके गांव पहुंच गई, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मामला बलबड्डा थाना क्षेत्र के घोरीकित्ता गांव का है, जहां सोमवार रात दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के गौराडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली आरती देवी की मुलाकात हरियाणा में 19 वर्षीय सचिन से हुई थी। आरती एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थीं, जबकि सचिन एक मॉल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब एक वर्ष से एक-दूसरे के संपर्क में थे।

पति और बच्चों को छोड़ प्रेमी के साथ चली गई महिला
आरती की शादी करीब आठ वर्ष पहले गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के रामकोल गांव निवासी नकुल तांती से हुई थी और उसके तीन बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि प्रेम संबंध गहरा होने के बाद वह पति और बच्चों को छोड़कर सचिन के साथ दिल्ली और फिर हरियाणा में रहने लगी। आरती का दावा है कि सचिन ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया था और कुछ समय तक दोनों साथ रहे।

रिश्ते में आई दरार, प्रेमी ने साथ रखने से किया इनकार
महिला का कहना है कि कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में खटास आने लगी और विवाद बढ़ गया। अब सचिन उसे अपने साथ रखने को तैयार नहीं है। इसी को लेकर आरती बलबड्डा थाना का चक्कर लगा रही है और प्रेमी के साथ रहने की मांग कर रही है। दूसरी ओर युवक के परिवार और ग्रामीणों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज है। मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब आरती के पहले पति ने भी उसे वापस अपनाने से इनकार कर दिया। ऐसे में महिला की स्थिति असमंजस में बनी हुई है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल है और पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।