गोड्डा
गोड्डा शहर के बीचों-बीच मेन बाजार में हुई गोलीबारी और ज्वेलरी दुकान में डकैती की सनसनीखेज वारदात के 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अपराधियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। इसी बीच झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री संजय यादव ने पीड़ित ज्वेलरी कारोबारी के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस को पूरी छूट
इस दौरान मंत्री संजय यादव ने कहा कि दिनदहाड़े बाजार के बीच हुई यह वारदात पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है, लेकिन सरकार अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरी छूट दे दी गई है और जो भी इस वारदात में शामिल हैं, वे कानून से बच नहीं पाएंगे। वहीं उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अपराधी किसी भी हालत में नहीं बचेंगे। यदि जरूरत पड़ी तो सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं बल्कि एनकाउंटर जैसी कार्रवाई भी की जाएगी।
