logo

नशे में पति बना हैवान! पत्नी की गला घोंटकर की हत्या 

crime58.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर गांव में पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय होपनमय चौड़े के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति मनु हांसदा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। बीती रात भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान उसने धोती से पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने देखा तो घर में पड़ी थी महिला की लाश

बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर के बाहर जमा हो गए। जब ग्रामीण अंदर पहुंचे तो महिला मृत अवस्था में पड़ी मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राजाभीठा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज, थाना प्रभारी योगेश यादव और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और हत्या में इस्तेमाल की गई धोती भी बरामद कर ली।

पति बोला- मैंने हत्या नहीं की, पत्नी ने की होगी आत्महत्या

पुलिस ने आरोपी मनु हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि आरोपी ने हत्या के आरोप से इनकार करते हुए दावा किया है कि उसने पत्नी की हत्या नहीं की, बल्कि वह प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर सकती है। दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी योगेश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

 

Tags - Godda Jharkhand Murder Crime Police