logo

आंगनबाड़ी चुनाव की रंजिश में चाचा ने भतीजे पर बरसाईं गोलियां

आंगनबाड़ी चुनाव की रंजिश में चाचा ने भतीजे पर बरसाईं गोलियां

द फॉलोअप डेस्क

गोड्डा जिले के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र के अमलो फूटानी हटिया के समीप देर रात आपसी रंजिश में गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दुकान बंद कर घर लौट रहे अमलो निवासी अनिल मंडल (48) पर कथित रूप से संतोष मंडल ने तीन गोलियां चला दीं। गोली लगने से अनिल मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। एक गोली उनकी बांह, दूसरी कंधे के नीचे हाथ के हिस्से और तीसरी गोली पेट में लगी है। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल गोड्डा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।

जमीन विवाद और आंगनबाड़ी चुनाव से रंजिश

घायल अनिल मंडल के बेटे आकाश मंडल ने बताया कि उनके पिता दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान टुनटुन मंडल के घर के पास संतोष मंडल ने उन पर गोली चला दी। परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। इसके अलावा करीब एक माह पहले हुए आंगनबाड़ी सेविका के चुनाव को लेकर भी दोनों परिवारों के बीच रंजिश थी। बताया जा रहा है कि आरोपी संतोष मंडल की पत्नी की उम्र कम होने के कारण वह आंगनबाड़ी सेविका के चुनाव में पात्र नहीं हो सकीं, जबकि घायल अनिल मंडल की बहू चुनाव के बाद सेविका बनी थी। परिजनों का कहना है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया। गोली चलाने का आरोप जिस संतोष मंडल पर लगाया गया है, वह घायल अनिल मंडल का चाचा बताया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच, आवेदन पर होगी FIR

घटना की सूचना मिलने के बाद मोतिया ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों, गोलीबारी में शामिल लोगों और पूरे विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। मोतिया ओपी थाना प्रभारी मुकेश राउत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद के साथ आंगनबाड़ी चुनाव को लेकर विवाद की बात सामने आई है। करीब एक माह पहले आंगनबाड़ी चुनाव हुआ था। आरोपी की पत्नी की उम्र कम होने के कारण वह सेविका नहीं बन सकीं, जबकि घायल अनिल मंडल की बहू सेविका बनी थी। इसी विवाद को लेकर गोली चलाए जाने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Tags - Godda Firing Crime Family Dispute Jharkhand