द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा की उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से ठाकुरगंगटी प्रखंड स्थित झारक्राफ्ट भगैया सिल्क सेंटर का निरीक्षण कर उत्पादन एवं विपणन व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सिल्क उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया कोकून से धागा निर्माण, रंगाई, बुनाई तथा कुखैना, बंडीथान और शॉल जैसे तैयार वस्त्रों के संकलन का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं सिल्क कारीगरों से संवाद कर उत्पादन की वर्तमान स्थिति, कच्चे माल की उपलब्धता, सोहराई, जादोपटिया एवं पैथकर शैली की हैंड पेंटिंग, विपणन व्यवस्था तथा प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने कहा कि भगैया सिल्क की पहचान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित है, इसलिए इसकी गुणवत्ता और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कारीगरों को नियमित प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए। साथ ही उत्पादों की ऑनलाइन और ऑफलाइन मार्केटिंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाई जाए। उत्पादन इकाई में स्वच्छता, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कारीगरों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उद्योगों को सशक्त बनाना है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें और कारीगरों की आय में स्थायी सुधार हो सके। इसके उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने ठाकुरगंगटी स्थित नेचर पार्क एवं फॉसिल पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पर्यटकों के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा संरचनात्मक विकास कार्यों का जायजा लिया गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पार्क क्षेत्र की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की समुचित व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। उन्होंने कहा कि फॉसिल पार्क जिले की ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक धरोहर है, जिसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए विशेष पहल की जानी चाहिए ताकि अधिक से अधिक पर्यटक आकर्षित हों। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर बल दिया। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त दीपक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय मंडल, अंचलाधिकारी ठाकुरगंगटी मदन महली, वरीय क्लस्टर प्रबंधक झारक्राफ्ट गोड्डा अब्दुल कादिर सहित अन्य विभागीय कर्मी उपस्थित थे।
.jpg)