logo

गोड्डा में बाइक सवार युवक की मौत, बहनोई गंभीर रूप से घायल

गोड्डा में बाइक सवार युवक की मौत, बहनोई गंभीर रूप से घायल

गोड्डा: 
मेहरमा थाना क्षेत्र के डोय के पास देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार चंदन कुमार (35) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका बहनोई शिवदयाल (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया
मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के निर्देश पर एएसआई सहदेव प्रसाद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से हादसे की जानकारी ली और गंभीर रूप से घायल शिवदयाल को मेहरमा सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

गंभीर हालत में गोड्डा सदर अस्पताल रेफर
मेहरमा सरकारी अस्पताल में डॉक्टर सुशांत ने शिवदयाल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज गोड्डा सदर अस्पताल में चल रहा है।

दोनों साले-बहनोई, सुबह घर से निकले थे
मृतक की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के हरचंदपुर गांव निवासी रामाशीष राम के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल शिवदयाल भागलपुर जिले के ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी धनी राम के पुत्र हैं। मृतक के ससुर धनी राम ने बताया कि चंदन और शिवदयाल साले-बहनोई थे। दोनों शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से घर से निकले थे। शाम में परिजनों को सड़क हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे।

डोय के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के वक्त दोनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान डोय के पास बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चंदन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवदयाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, पुलिस ने दोनों के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस घटनास्थल से मिली जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Tags - Godda News Meharma Road Accident Bike Accident Chandan Kumar Jharkhand News