गोड्डा
गोड्डा शहर के सबसे व्यस्त इलाके कारगिल चौक के पास बुधवार को दिनदहाड़े हुई लूट और फायरिंग की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। तीन हथियारबंद अपराधियों ने नगर थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित बंगाल ज्वैलर्स में धावा बोल दिया। बदमाशों ने पहले फायरिंग कर दहशत फैलाई और फिर दुकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटकर कुछ ही मिनटों में फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।