द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के बिरसा मुंडा पार्क के समीप 23 मार्च की शाम एक ग्लाइडर अचानक गिर गया। पार्क के समीप निलेश कुमार नामक व्यक्ति के मकान में ग्लाइडर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। जब ग्लाइडर गिरा तो घर के कैंपस में दो बच्चे भी खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि ग्लाइडर घर के पिलर से जा टकराया। जिसके कारण दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बरवाअड्डा हवाई पट्टी से उड़ान भरकर एक ग्लाइडर शहर के ऊपर भ्रमण कर रहा था। इसी दौरान तकनीकी खराबी आने से वह बेकाबू होकर गिर गया। गिरने से ग्लाइडर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, उस पर सवार पायलट सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पास के एक निजी अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया गया है।

शहर के ऊपर हवाई भ्रमण कराता था ग्लाइडर
धनबाद शहर के ऊपर बीते कुछ दिनों से यह ग्लाइडर हवाई भ्रमण कराता था। इसमें 80 एचपी का सिंगल इंजन और 2 सीटों वाला मोटर ग्लाइडर है। बताया जा रहा है कि 1200 किमी तक की उड़ान भरने के साथ 14 हजार फीट की ऊंचाई तक जा सकता था। इस ग्लाइडर में पायलट के साथ एक व्यक्ति की बैठने की जगह होती थी। योजना के अनुसार स्कूली बच्चे 400 रुपए देकर हवाईअड्डा से 10 मिनट तक शहर के आसपास की हवाई सैर इसमें कर सकते थे। मगर इस हादसे के बाद लोगों में डर समा गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT