पश्चिमी सिंहभूम:
झारखंड में दिनदहाड़े एक हिंदूवादी नेता की हत्या कर दी गई है। पश्चिमी सिंहभूम जिले में शनिवार को हिंदू संगठन गिरिराज सेना के प्रमुख कमल गिरि देव (Kamal Giri Dev) की हत्या कर दी गई। उनकी हत्या से गुस्साएं परिजन उनका पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने उन्हें किसी तरह समझा-बुझाकर इसके लिए तैयार करवाया है। इसके बाद पुलिस ने शव को भारी सुरक्षा बल के बीच पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

इलाके में धारा 144 लागू
गिरिराज सेना प्रमुख की चक्रधरपुर स्थित शिशु विद्या मंदिर तुलसी भवन के पास शाम करीब 6 बजे हत्या की गई । हमलावरों ने बोतल बम मारकर गिरी की हत्या कर दी। जिसके बाद से ही इलाके में तनाव का महौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है । इसके साथ वहां धारा 144 लागू कर दिया है। घटना के वक्त गिरिराज सेना प्रमुख अपने दोस्त शंकर के साथ भवन चौक पर खड़े थे। वहां तीन लोग उनके पास आए और बोतल बम से उस पर हमला कर दिया। जिसके बाद से तीनों फरार हैं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए CRPF को बुलाया गया
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। व्यस्त भारत भवन चौक पर दुकानें बंद रहीं क्योंकि देवगिरी के सैकड़ों समर्थक हत्या के बाद मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए CRPF को बुलाया गया है।