गिरिडीह
गिरिडीह जिले के गांडेय विधानसभा क्षेत्र का एक गांव इन दिनों भीषण जल संकट से जूझ रहा है. यहां करीब 40 घरों के लोग गंदे डाड़ी का पानी पीने को मजबूर है. यह गंदा पानी जानवर भी पीते है और इंसान भी. इससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है. यह परेशानी जीतपुर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापहरी गांव के डांडीघुटु टोला का है.
पूरे टोले के लिए सिर्फ एक कुआं उपलब्ध
ग्रामीणों के अनुसार, पूरे टोले के लिए सरकार द्वारा सिर्फ एक कुआं उपलब्ध कराया गया था, जो अब पूरी तरह सूख चुका है. इसके अलावा कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों के पास डाड़ी का गंदा पानी ही एकमात्र सहारा बचा है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वर्ष 2021-22 में एकल ग्राम जलपूर्ति योजना के तहत यहां एक पानी टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज तक उस टंकी से एक बूंद भी पानी ग्रामीणों को नसीब नहीं हुआ. करोड़ों की योजनाएं कागजों तक सीमित रह गई हैं, जबकि जमीनी हकीकत बेहद भयावह है.
आज तक नहीं पहुंचा कोई जनप्रतिनिधि
ग्रामीण कुंती मुर्मू बताती हैं कि वर्षों से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन आज तक कोई जनप्रतिनिधि हाल जानने तक नहीं पहुंचा. कई बार स्थानीय मुखिया को भी शिकायत की गई, मगर समस्या जस की तस बनी हुई है. वहीं मुकेश हेंब्रम का कहना है कि पानी की गंभीर समस्या के कारण लोग यहां रिश्ता करने से भी कतराते हैं. गांव की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि बुनियादी जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं. सुखु हेमब्रम बताते हैं कि गर्मी ही नहीं, बल्कि बरसात के दिनों में भी हालात नहीं बदलते. खेतों और गड्ढों में जमा पानी पीना उनकी मजबूरी बन चुकी है.
जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे. ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से भी गुहार लगाई है कि वे इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दें. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या झारखंड सरकार और प्रशासन इन आदिवासी ग्रामीणों की पीड़ा को समझेगा? ग्रामीणों की निगाहें अब सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर टिकी हैं.