logo

ईद-ए-मिलाद-उन्नबी की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा, हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से युवक की मौत

baal1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नीचे पहाड़ीडीह गांव में ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर्व की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर पर्व का झंडा लगाने गए 19 वर्षीय युवक सब्बीर अंसारी की हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया गया कि सब्बीर अपने घर की छत पर झंडा लगाने के लिए गया था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में वह आ गया। करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर छत पर गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान

हादसे के बाद परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सब्बीर को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। करंट लगने की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने सब्बीर अंसारी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और गांव में भी शोक का माहौल है।

Tags - Giridih News Accident Electric Shock High Voltage Wire Eid Milad Un Nabi