logo

गिरिडीह : तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से महिला की मौत, चालक हिरासत में

WhatsApp_Image_2026-07-31_at_9_35_26_AM.jpeg

गिरिडीह 
गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कोलड़ीहा में गुरुवार रात तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान कोलड़ीहा निवासी पप्पू खान की 47 वर्षीय पत्नी रिफत प्रवीण के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रिफत प्रवीण घर का जरूरी सामान खरीदकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान गिरिडीह बाजार से पालगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर दो युवक सवार थे।
हादसे के बाद भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ा
घटना के बाद बाइक सवार मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर बाइक चालक को पकड़ लिया। इसके बाद उसे नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बाइक चालक पालगंज का रहने वाला है और गिरिडीह बाजार से अपने घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग सदर अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लगातार हो रहे हादसों पर लोगों में नाराजगी
घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि नुरुल होदा ने दुख जताते हुए कहा कि कोलड़ीहा क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर लगाने और नाबालिग चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई है।
 

Tags - Giridih Jharkhand Road Accident Bike Accident Police Investigation