logo

गिरिडीह में 17.39 करोड़ की 119 विकास योजनाओं का शिलान्यास, मंत्री सुदिव्य बोले- गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता

हीगग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह शहर के नगर निगम कार्यालय परिसर में सोमवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत 119 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, गिरिडीह के उपायुक्त, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था में होगा सुधार

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि स्वीकृत योजनाओं के पूरा होने से शहर की सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का सीधा लाभ शहर के लोगों को मिलेगा और विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

कम दर पर टेंडर लेने वाले संवेदकों को चेतावनी

विकास कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 27 प्रतिशत या उससे अधिक कम दर पर टेंडर लेने वाले संवेदकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विशेष निगरानी की जाए, ताकि सभी योजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी हों।

समय सीमा में योजनाएं पूरी करने का लक्ष्य

महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन में नगर क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम बोर्ड का गठन कुछ माह पहले ही हुआ है और विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी 119 योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने इन योजनाओं का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान में बड़ी मदद मिलेगी।

Tags - Giridih Jharkhand News Urban Development Sudivya Kumar Municipal Corporation