logo

शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरा ऑटो पलटा, 8 घायल; मासूम बाल-बाल बचा

जगुु.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोग घायल हो गए। तिसरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर गम्हारियाटांड स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के समीप शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरे एक ऑटो की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग राहत कार्य में जुट गए।

स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को दुर्घटनाग्रस्त ऑटो से ही अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं खटपोंक के मुखिया जानकी यादव और समाजसेवी प्रकाश यादव ने अपनी गाड़ी से अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।

बेहतर इलाज के लिए किया गया रेफर

हादसे में 63 वर्षीय सहदेव हजाम, 4 वर्षीय प्रियांशु कुमार, कविता कुमारी, रिंकी देवी, बाइक सवार गुमगी निवासी यमुना दास, रोहित दास समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं। चिकित्सकों ने सहदेव हजाम और प्रियांशु कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

तीन माह का मासूम सुरक्षित, शादी से लौट रहे थे सभी

जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार लोग खटपोंक गांव के रहने वाले थे और बेलकुशी महादेव मंदिर में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान खिजुरी की ओर जा रही बाइक से ऑटो की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के समय ऑटो में तीन माह का एक मासूम भी मौजूद था, जो पूरी तरह सुरक्षित बच गया। बच्चे को बचाने की कोशिश में उसकी मां के हाथ में हल्की चोट आई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

 

Tags - Tisri Road Accident Jharkhand Breaking NewsTisri Accident Auto Bike Collision