गिरिडीह
गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भरकट्टा बाजार से घर लौट रहे तीन बाइक सवार युवक अचानक सड़क किनारे खड़े एक विशाल पेड़ के गिरने की चपेट में आ गए। इस हादसे में 21 वर्षीय आशीष कुमार मंडल की मौत हो गई, जबकि सचिन कुमार वर्मा और सौरभ मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय इलाके में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हो रही थी। हवा के तेज दबाव के कारण सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर अचानक सड़क पर गिर गया। उसी समय वहां से गुजर रहे बाइक सवार युवक उसकी चपेट में आ गए और संभलने का मौका तक नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाया गया। इसके बाद नीचे दबे युवकों को बाहर निकालकर तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो का इलाज जारी है।

प्रशासन ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही बिरनी सीओ संदीप मद्धेशिया, बीडीओ फणीश्वर रजवार और प्रमुख रामु बैठा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का निरीक्षण किया और गिरे हुए पेड़ को हटवाकर सड़क पर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।