गिरिडीह
गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को उनके चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया है, जबकि घटना में संलिप्त एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
SP को मिली थी पुख्ता जानकारी
इस पूरी कार्रवाई की शुरुआत एक गुप्त सूचना के आधार पर हुई. दरअसल, डॉ. बिमल कुमार को यह पुख्ता जानकारी मिली थी कि पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नाबालिग लड़कियों को डरा-धमकाकर और उनके साथ मारपीट कर जबरन देह व्यापार के दलदल में धकेला जा रहा है. इस सूचना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते SP ने तुरंत संज्ञान लिया और उनके निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया.

किराये के माकान से नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बचाया
गठित एसआईटी ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की और बोड़ो स्थित एक किराये के मकान में अचानक छापेमारी की. इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दोनों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया और वहां मौजूद एक महिला को हिरासत में ले लिया. मुक्त कराई गई पीड़ित लड़कियों ने पुलिस के सामने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि क्रांति देवी नामक महिला उनके साथ अक्सर मारपीट करती थी और उन पर जबरन देह व्यापार करने के लिए लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव बनाती थी. पीड़ित लड़कियों के इस अधिकारिक बयान के आधार पर पचम्बा थाना में कांड संख्या 52/26, दिनांक 26 मई 2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए BNS की विभिन्न सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
एक महिला 2 पुरुष गिरफ्तार
इस अनैतिक धंधे को संचालित करने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला समेत दो अन्य पुरुषों को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिरनी निवासी क्रांति देवी, गांडेय थाना क्षेत्र निवासी मो. तौफिक अंसारी तथा मुशरफ अंसारी शामिल हैं. इसके साथ ही, पुलिस ने इस अवैध कार्य और परिवहन में इस्तेमाल की जाने वाली एक लाल रंग की मारुति सुजुकी ब्रेजा कार को भी मौके से जब्त कर लिया है.
.jpeg)
छापेमारी अभियान में ये अफसर थे शामिल
इस सफल और त्वरित छापेमारी अभियान में पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान शामिल थे. टीम का नेतृत्व मुख्य रूप से पुलिस उपाधीक्षक आर.के. राणा, अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार और दीपक कुमार कर रहे थे. इनके साथ सशस्त्र बल के जवान भी मुस्तैद रहे. पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है.