logo

गिरिडीह में तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से महिला की मौत, आक्रोशित लोगों ने वाहन में लगाई आग

कोतो3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार हाईवा वाहन में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। यह हादसा हीरोडीह थाना क्षेत्र के किसगो के पास गादी मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि महिला सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे हाईवा वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार हाईवा वाहन को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।


मृत महिला की पहचान बिहार के बांका जिले के इटहरी गांव निवासी नरेश प्रसाद सिंह की 63 वर्षीय पत्नी ननकी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसगो गादीकला गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर आई हुई थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं दुर्घटना के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया है और वाहन मालिक का भी अभी तक पता नहीं चल पाया है।