logo

गिरिडीह में कैंसर के मरीजों के लिए बड़ी राहत, अब हर महीने रांची के बड़े डॉक्टर जांच के लिए आएंगे

WhatsApp_Image_2026-06-12_at_3_18_48_PM_(1).jpeg

गिरिडीह
छोटे और मझोले शहरों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत अब गिरिडीह के मरीजों को कैंसर के इलाज के लिए बड़े महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। रांची के प्रख्यात एचसीजी अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल ने श्री साईं हॉस्पिटल के सहयोग से गिरिडीह में एक समर्पित कैंसर ओपीडी सेवा की शुरुआत की है। इसके तहत अब हर महीने के दूसरे शनिवार को मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही देश के जाने-माने कैंसर विशेषज्ञों का परामर्श मिल सकेगा, जिससे न सिर्फ मरीजों के समय और पैसे की बचत होगी, बल्कि सही समय पर बीमारी की पहचान कर बेहतर इलाज भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉक्टरों ने किया ओपीडी सेवा का एलान
शुक्रवार को शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में रांची के एचसीजी अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल ने आधिकारिक तौर पर इस सेवा की घोषणा की। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि गिरिडीह के श्री साईं हॉस्पिटल के सहयोग से इस समर्पित कैंसर ओपीडी सेवा को शुरू किया गया है, ताकि गिरिडीह और उसके आसपास के ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ कैंसर परामर्श के लिए परेशान न होना पड़े।
महानगरों की दौड़ और खर्चीली यात्राओं से मिलेगी मुक्ति
इस नई ओपीडी सेवा का मुख्य उद्देश्य मरीजों को उनके गृह क्षेत्र के समीप ही विशेषज्ञ कैंसर चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराना है। इससे चिकित्सा सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच बेहद आसान हो जाएगी। अब तक मरीजों को प्रारंभिक परामर्श, फॉलो-अप और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के लिए बार-बार बड़े शहरों की लंबी और खर्चीली यात्राएं करनी पड़ती थीं, जिससे अब उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। समय पर बीमारी की पहचान से बेहतर होंगे इलाज के परिणाम
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि यह पहल कैंसर की शीघ्र पहचान, समय पर सटीक उपचार योजना और बेहतर स्वास्थ्य परिणाम सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एचसीजी अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. संदीप कुमार, ब्रांडिंग और संबार प्रबंधक मनोरंजन कुमार रॉय तथा श्री साईं हॉस्पिटल, गिरिडीह के जनरल सर्जन डॉ. अरविंद कुमार उपस्थित थे।

छोटे शहरों में यात्रा की चुनौतियां बनती हैं इलाज में देरी की वजह
मीडिया को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सुलभ कैंसर देखभाल की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर के उपचार में बेहतर परिणामों के लिए समय पर बीमारी की पहचान सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। अक्सर देखा जाता है कि छोटे शहरों और गांवों के मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंचने में यात्रा संबंधी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण इलाज में देरी हो जाती है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ कैंसर परामर्श की यह उपलब्धता समय पर उपचार और बेहतर रोग प्रबंधन की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम है।
 

Tags - GiridihCancer OPDHCG RanchiShri Sai HospitalHealthcare Jharkhand