गिरिडीह
पचम्बा थाना क्षेत्र के रानीखावा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो 13 वर्षीय बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रानीखावा निवासी शंकर रजक के पुत्र हार्दिक रजक और विष्णु रजक के पुत्र प्रेम रजक के रूप में हुई है।
कमल के फूल तोड़ने गए थे बच्चे
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बच्चे शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे सड़क किनारे स्थित तालाब में कमल के फूल निकालने गए थे। इसी दौरान तालाब की गहराई अधिक होने के कारण दोनों बच्चे पानी में डूब गए। उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने घटना की जानकारी गांव के लोगों को दी।
ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलने पर पचम्बा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत की खबर से पूरे रानीखावा गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और घटना से स्थानीय लोग भी गहरे सदमे में हैं।