logo

गिरिडीह में अपहरण कांड का खुलासा, अपह्रत युवक बरामद; 5 अपराधी गिरफ्तार

a1724.jpg

गिरिडीह:

जिले में हुए अपहरण कांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने बताया अनुसार, 24 मई की शाम करीब 7:50 बजे गांडेय थानाक्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने सूचना दी कि उसके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35 वर्ष) का कुछ अपराधियों ने खण्डोली के पास से मोटरसाइकिल सहित अपहरण कर लिया है और फिरौती की मांग कर रहे हैं।

एसपी के निर्देश पर गठित की गई एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चुंजका जंगल स्थित चांदना मोड़ से अपहृत तसलीम अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पीरटांड़ निवासी मोहम्मद सोहेल (20 वर्ष), आदिल अंसारी (19 वर्ष), मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के समीर अंसारी (24 वर्ष), अफरोजी शाह (19 वर्ष) तथा पचम्बा थाना क्षेत्र के इरशाद अंसारी (28 वर्ष) शामिल हैं।

अपराधियों ने मांगी थी 10 लाख की फिरौती
पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि अपहरण के बाद पीड़ित से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। आरोपियों द्वारा क्यूआर कोड के माध्यम से 24 हजार रुपये ट्रांसफर भी करवाए गए थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में 2 अन्य अपराधियों राजा और जाफर उर्फ छछुआ का नाम भी सामने आया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

आरोपियों के पास से क्या-क्या बरामद किया!
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 मोटरसाइकिल, ओप्पो रेनो एवं वीवो वाई-28 मोबाइल फोन तथा अपहृत की मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में बंगाबाद थाना कांड संख्या-87/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्यामकिशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पचम्बा के अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, बंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Tags - Jharkhand NewsKidnapping CaseGiridih NewsJharkhand Crime NewsGiridih Policce