गिरिडीह:
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुपी में गुरुवार देर रात 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता पुलिस विभाग में दरोगा हैं।

फास्टफूड खाने गया था युवक, विवाद के बाद हुई मारपीट
जानकारी के अनुसार, ऋतिक यादव गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने दो दोस्तों के साथ बंदरकुपी इलाके में फास्टफूड खाने गया था। इसी दौरान वहां कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और करीब 10 से 15 युवक मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने ऋतिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसे बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
.jpeg)
सदर अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
मारपीट की घटना के बाद ऋतिक के दोस्तों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मारपीट के कारणों और घटना में शामिल युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
.jpeg)
हत्या के बाद परिजनों में मातम
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।