गिरिडीह
गिरिडीह साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तेलोडीह के समीप कुछ लोग मोबाइल फोन के माध्यम से साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के बाद साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
फर्जी APK फाइल भेजकर करते थे ठगी
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी सिम और फर्जी व्हाट्सएप नंबरों का उपयोग कर "gas bill update.apk", "gas 2 admin.apk" और "mngl gas bill update.apk" जैसी फर्जी APK फाइलें लोगों के व्हाट्सएप पर भेजते थे। गैस बिल अपडेट कराने के नाम पर लोगों को इन फर्जी लिंक और ऐप को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जाता था, जिसके बाद उनके साथ साइबर ठगी की जाती थी। इस मामले में गिरिडीह साइबर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज किया गया है। 
दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और सिम बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष मंडल (23 वर्ष), निवासी चिकसोरिया, थाना अहिल्यापुर तथा छोटू कुमार मंडल (20 वर्ष), निवासी बेहरवाटांड़, थाना बिरनी, जिला गिरिडीह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन और 5 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी संतोष मंडल का पहले भी साइबर अपराध से जुड़ा आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2019 और 2025 में दर्ज साइबर ठगी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।