logo

गिरिडीह में रामनवमी को लेकर हाई अलर्ट, जुलूस मार्गों पर ड्रोन निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

GJRT,.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले में रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर के प्रमुख जुलूस मार्गों, अखाड़ा और झांकी निकलने वाले रास्तों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मंगलवार को सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर थाना, पंचम्बा थाना और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के विभिन्न जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन कैमरे के जरिए प्रमुख चौक-चौराहों, गलियों और जुलूस के निर्धारित मार्गों का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण में मुफ्फसिल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी श्याम कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने जुलूस मार्गों पर पड़े पत्थरों और अन्य अवरोधों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया। पुलिस का कहना है कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मार्ग पूरी तरह साफ और सुरक्षित होना जरूरी है। संबंधित थाना क्षेत्र के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जुलूस निकलने से पहले सभी मार्गों की पूरी जांच कर उन्हें व्यवस्थित किया जाए। निरीक्षण के दौरान तैनात जवानों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि रामनवमी के दौरान निकलने वाले जुलूस, अखाड़ा और झांकी के मार्गों पर ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। दक्षिणी छोटानागपुर के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। इस बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। डीआईजी ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी बढ़ाने और जुलूस को निर्धारित मार्गों से ही निकालने के सख्त निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि व्यापक स्तर पर किए गए सुरक्षा इंतजामों से रामनवमी का पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न होगा।

 

Tags - Ramnavami security Giridih Drone surveillance during Ramnavami Ramnavami procession safety Giridih Crowd control measures Giridih Traffic management during Ramnavami Giridih police news Ramnavami