गिरिडीह:
पचम्बा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब थाना से कुछ ही दूरी पर एक निजी कार शोरूम के समीप घनी और कांटेदार झाड़ियों में एक नवजात शिशु पड़ा मिला। सड़क से करीब पांच फीट नीचे झाड़ियों के बीच फंसे नवजात को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, कांटेदार झाड़ियों और दुर्गम जगह होने के कारण लोग बच्चे को बाहर निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए खुद झाड़ियों में उतरकर नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
नवजात के झाड़ियों में पड़े होने की सूचना मिलने के बाद पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार अपने चालक विमलेश और सहायक पुलिस सुनीता के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि बच्चा सड़क से करीब पांच फीट नीचे घनी और कांटेदार झाड़ियों के बीच फंसा हुआ है। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल बच्चे को बाहर निकालने का फैसला लिया।
.jpeg)
कांटेदार झाड़ियों में उतरकर बचाई नवजात की जान
बच्चे तक पहुंचना आसान नहीं था। चारों तरफ घनी और कांटेदार झाड़ियां होने के कारण स्थानीय लोग वहां जाने से कतरा रहे थे। इसके बावजूद थाना प्रभारी राजीव कुमार खुद झाड़ियों में उतर गए। उन्होंने सावधानीपूर्वक झाड़ियों को हटाया और नवजात को अपने हाथों से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस अधिकारी की इस तत्परता को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने भी उनकी सराहना की।
.jpeg)
शरीर और आंखों पर मिले खरोंच के निशान
झाड़ियों में पड़े रहने के कारण नवजात के शरीर और आंखों पर छोटी-छोटी चोट और खरोंच के निशान पाए गए। बच्चे की स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने बिना देर किए उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। नवजात को पचम्बा थाना के समीप स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
.jpeg)
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस घटना के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि नवजात को झाड़ियों में कौन छोड़ गया और वह वहां तक कैसे पहुंचा। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नवजात को सुरक्षित बाहर निकालने में थाना प्रभारी राजीव कुमार की भूमिका की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। उनके इस मानवीय कदम ने एक बार फिर पुलिस की संवेदनशील और जिम्मेदार भूमिका को सामने रखा है।