गिरिडीह
Jharkhand News: नवरात्रि के मौके पर 12 अक्टूबर को गिरिडीह में प्रस्तावित रोड शो (road show) को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजसेवी सह भाजपा नेता विनोद सिन्हा के नेतृत्व में होने वाले इस रोड शो में भोजपुरी अभिनेता-सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) और अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा (Soundarya Sharma) शामिल होंगी। इस आयोजन को लेकर विनोद सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस (press conference) कर जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार रोड शो का उद्देश्य गिरिडीह के युवाओं को सही दिशा दिखाना और उन्हें रोजगार एवं विकास के अवसरों से जोड़ना है। इसके साथ ही गिरिडीह को औद्योगिक क्षेत्र (industrial zone) घोषित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि गिरिडीह में उद्योगों का विस्तार होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर (employment opportunities) पैदा होंगे और पलायन (migration) पर भी रोक लग सकती है।

रोड शो को राजनीतिक नजरिये से भी देखा जा रहा
हालांकि, गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव की पृष्ठभूमि में इस रोड शो को राजनीतिक नजरिये से भी देखा जा रहा है। मनोज तिवारी और अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा की मौजूदगी वाले इस कार्यक्रम को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि कहीं यह आगामी उपचुनाव के मद्देनजर भाजपा की जमीन मजबूत करने की कोशिश तो नहीं है। इस सवाल पर सिन्हा ने कहा कि कार्यक्रम को चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के युवा आज कई जगहों पर भटक रहे हैं और जरूरत है कि उन्हें सही दिशा दिखाई जाए। युवाओं के भविष्य और गिरिडीह के औद्योगिक विकास को लेकर रोड शो आयोजित किया जा रहा है।

उद्देश्य गिरिडीह को औद्योगिक पहचान दिलाना
उन्होंने कहा कि “चुनाव तो होते ही रहेंगे, लेकिन युवाओं का भविष्य इंतजार नहीं कर सकता। हमारा उद्देश्य गिरिडीह को औद्योगिक पहचान दिलाना और युवाओं के लिए बेहतर अवसर पैदा करना है।” बहरहाल, उपचुनाव की आहट के बीच होने वाला यह रोड शो कितना गैर-राजनीतिक रहता है और इसका सियासी असर कितना पड़ता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।
.jpeg)