logo

गिरिडीह में ASI के बेटे की पीट-पीटकर हत्या 

गिरिडीह में ASI के बेटे की पीट-पीटकर हत्या 

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध मैगी पॉइंट के पास गुरुवार की रात करीब 11 बजे एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर (बभनटोली) निवासी 24 वर्षीय ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद मुफस्सिल पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। बताया गया कि मृतक के पिता झारखंड पुलिस में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में बोकारो के चतरोचट्टी थाना में पदस्थापित हैं।

बांस की फराठी से की गई पिटाई

मृतक के साथी शुभम दास ने सदर अस्पताल में बताया कि रात करीब 10:30 बजे वह अपने दोस्त राजा गुप्ता और ऋतिक यादव के साथ कार से गिरिडीह-डुमरी मार्ग स्थित बंदरकुप्पी के मैगी पॉइंट गया था। इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव अपने करीब 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक तीनों पर हमला कर दिया। पहले मुक्कों से मारपीट की गई और इसके बाद बांस की फराठी से ऋतिक समेत अन्य युवकों की पिटाई शुरू कर दी गई। शुभम के अनुसार, आरोपियों ने ऋतिक को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। घटना में दो अन्य युवकों के घायल होने की भी जानकारी है।

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी बात सामने आई है। सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ऋतिक यादव की हत्या की गई है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि ऋतिक का छात्र संघ से भी संबंध था। घटना के बाद इलाके में तनाव और लोगों में आक्रोश का माहौल है।

Tags - Giridih News Murder Case Jharkhand Crime Police Investigation Crime News