द फॉलोअफ डेस्क
गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत मंझलाडीह गांव में रविवार देर रात प्रेम प्रसंग को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में स्थानीय निवासी नीरज शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके बाएं हाथ की कलाई में लगी, जिससे कलाई बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धनबाद के एक अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रेमिका के बुलावे पर घर पहुंचने का दावा
घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाजरत नीरज शर्मा ने बताया कि वह रविवार रात अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उसके घर गया था। उनका दावा है कि युवती ने उन्हें दो बार फोन कर घर बुलाया था। नीरज के अनुसार, वह पिछले 10 से 12 वर्षों से युवती के भाई प्रभाकर का मित्र है। इसी दौरान उसकी दोस्ती प्रभाकर की बहन से हुई और करीब दो वर्ष पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हो गया।

परिवार के सामने आने पर चली गोली
घायल युवक के मुताबिक, युवती ने घर का दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बुलाया, जहां दोनों कुछ देर बातचीत कर रहे थे। इसी बीच घरवालों को शक हो गया और युवती के दोनों भाई बाहर आ गए। कुछ ही देर बाद युवती के पिता, जो पेशे से ग्रामीण चिकित्सक बताए जाते हैं, भी मौके पर पहुंच गए। नीरज का आरोप है कि गेट खुलते ही युवती के पिता और दोनों भाई सामने खड़े थे। उनका कहना है कि इसी दौरान एक भाई ने पिता से गोली चलाने के लिए कहा, जिसके बाद उन पर फायरिंग कर दी गई।

मारपीट का भी आरोप, जांच में जुटी पुलिस
नीरज शर्मा का आरोप है कि गोली उनके बाएं हाथ की कलाई में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घायल होने के बाद उनके दूसरे हाथ पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। इसके बाद वह बेहोश हो गए और आगे की घटना की उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।