गिरिडीह
गिरिडीह शहर के मकतपुर रोड स्थित जिला परिषद कार्यालय के सामने संचालित कंपोजिट शराब दुकान में रविवार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि दुकान में घुसकर बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए एक कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। 
देर रात दुकान में घुसकर मारपीट की घटना
घायल कर्मी की पहचान बरमसिया निवासी विक्की कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे बेहोशी की हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। इस संबंध में दुकान के मैनेजर प्रेमचंद रजक ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे विक्रेता पवन सिंह ने मैनेजर को फोन पर सूचना दी कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जबरन दुकान के अंदर घुस आए हैं और गाली-गलौज कर रहे हैं। इसी बीच आरोपियों ने स्टाफ विक्की कुमार सिंह के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। 
भाजपा नेता समेत 13 लोगों पर मामला दर्ज
मैनेजर ने पुलिस को बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है। इस मारपीट मामले में भाजपा नेता मिथुन चंद्रवंशी उर्फ नुनु, मंगल सिंह, मिथुन राम समेत 10 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।