logo

गिरिडीह में फिर भू-धसान से हड़कंप, कई घर जमींदोज; 11 मकान कराए गए खाली

गिरिडीह में फिर भू-धसान से हड़कंप, कई घर जमींदोज; 11 मकान कराए गए खाली

गिरिडीह:
गिरिडीह के बनियाडीह CCL क्षेत्र में एक बार फिर भू-धसान की घटना से हड़कंप मच गया। अवैध खनन के कारण जमीन के धंसने की आशंका जताई जा रही है। घटना में कई घर जमींदोज हो गए, जबकि करीब 11 घरों को खाली करा लिया गया है। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।

पहले भी हो चुकी हैं भू-धसान की घटनाएं
बताया जाता है कि बनियाडीह क्षेत्र में पहले भी भू-धसान की घटनाएं हो चुकी हैं। क्षेत्र में जमीन के नीचे कोयला खनन के कारण लंबे समय से खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अवैध माइनिंग के कारण जमीन कमजोर हो रही है और आए दिन जमीन में दरारें पड़ने तथा धंसने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

तेज आवाज के बाद हिली जमीन, भागकर बचाई जान
स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने बताया कि शनिवार की रात करीब 9 बजे लोग अपने-अपने घरों में आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी और घर हिलने लगे। कुछ ही देर में जमीन में दरार दिखाई देने लगी। स्थिति को भांपते हुए लोग आनन-फानन में अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे। इसके बाद कई घर जमीन में धंस गए।

CCL ने पहले ही जारी किया था खाली करने का नोटिस
बताया जा रहा है कि CCL प्रबंधन की ओर से पूर्व में ही प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को घर खाली करने का नोटिस दिया गया था। खतरे को देखते हुए लोग धीरे-धीरे अपने घर खाली भी कर रहे थे। इसी बीच भू-धसान की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

सुरक्षित पुनर्वास और अवैध खनन पर रोक की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने CCL प्रबंधन और प्रशासन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा तथा तत्काल राहत की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक प्रभावित इलाके में खनन और जमीन की स्थिति की जांच नहीं होती, तब तक यहां रहना जान जोखिम में डालने जैसा है। लोगों ने अवैध खनन पर रोक लगाने और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग भी उठाई है।

Tags - Giridih Baniadih CCL Land Subsidence Illegal Mining Jharkhand News