गिरिडीह:
गिरिडीह शहरी क्षेत्र के हुट्टी बाजार में नवयुवक संघ समिति की ओर से गणपति पूजा महोत्सव-2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि 14 सितंबर से हुट्टी बाजार में तीन दिवसीय भव्य गणपति महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार पूजा पंडाल को श्री केदारनाथ मंदिर की थीम पर तैयार किया जा रहा है। पंडाल निर्माण को लेकर बंगाल से आए कुशल कारीगर दिन-रात काम कर रहे हैं।

केदारनाथ मंदिर की दिखेगी भव्य झलक
पूजा समिति के सदस्य सत्यप्रकाश साहा ने बताया कि इस वर्ष पंडाल में श्रद्धालुओं को श्री केदारनाथ मंदिर की भव्य झलक देखने को मिलेगी। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए कारीगर विशेष मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि समिति के सभी सदस्य गणपति महोत्सव की तैयारियों को लेकर उत्साहित हैं। समिति को उम्मीद है कि इस बार भी शहरवासी पंडाल की नई थीम को पसंद करेंगे और इसकी सराहना करेंगे।
.jpeg)
26 वर्षों से गणेश पूजा का आयोजन
पूजा समिति के सदस्य विक्की साव ने बताया कि नवयुवक संघ समिति की ओर से पिछले 26 वर्षों से गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी हुट्टी बाजार में तीन दिनों तक गणपति महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति हर साल अलग और नई थीम पर पूजा पंडाल तैयार करती है, जिसे गिरिडीह के लोग काफी पसंद करते हैं।
महोत्सव को भव्य बनाने का प्रयास
विक्की साव ने बताया कि इस वर्ष भी समिति की ओर से महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पूजा पंडाल में श्री केदारनाथ मंदिर की थीम लोगों के आकर्षण का केंद्र होगी। समिति के सदस्यों ने कहा कि उनका प्रयास है कि गणपति महोत्सव में शहर के अधिक से अधिक लोग शामिल हों और आयोजन को यादगार बनाया जा सके।