गिरिडीह
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्तरडीह गांव में बीती रात चोरों ने तीन घरों का ताला तोड़कर नगदी, जेवर, बर्तन, साड़ी समेत करीब दो लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, ननकी देवी, कंचन देवी और सुलेखा देवी के घर में देर रात चोरों ने धावा बोला। परिवार के कुछ सदस्य रिश्तेदार के यहां गए थे, जबकि दो परिवार बगल के घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने करीब एक घंटे के भीतर तीनों घरों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर में रखे चांदी के जेवर, कुछ सोने के आभूषण, नगदी, बर्तन, साड़ी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवारों के अनुसार, मजदूरी कर वर्षों की मेहनत से जमा किए गए सामान को बच्चों की शादी-विवाह के लिए संभालकर रखा गया था, जिसे चोर ले गए।
.jpeg)
क्षेत्र में जुआरियों का जमावड़ा
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब दो वर्षों से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले छह महीनों से शांत रहे इलाके में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई बार चोरी होने के बावजूद अब तक किसी बड़ी गिरफ्तारी या ठोस उद्भेदन नहीं हुई है। ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि क्षेत्र में जुआरियों का जमावड़ा बढ़ने के साथ चोरी की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पीड़ित परिवारों ने पुलिस से मामले की जांच कर जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में पुलिस-प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
