द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव के समीप स्कूली बच्चों से भरे एक टेंपो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय टेंपो में एक निजी विद्यालय के एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे और स्कूल जा रहे थे। दुर्घटना में सात बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो जब बेलाटांड़ गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में सवार कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
.jpg)
एक बच्चे की हालत गंभीर, धनबाद रेफर
इस दुर्घटना में घोसको गांव निवासी 8 वर्षीय पीयूष कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका पैर टूट गया है। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। वहीं छह अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल बच्चों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अहिल्यापुर थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एनुलहक खान ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का दावा किया है। साथ ही हादसे के कारणों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।